खन्ना के चर्चित फायरिंग और कथित फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए अहम खुलासा किया है। एसपी पवनजीत चौधरी ने बताया कि जांच में अब तक 50 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की बात सही नहीं पाई गई। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया रिकॉर्ड के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया है।
यह मामला 7 जुलाई 2026 का है। प्रोफेसर सुमेर सीड़ा ने आरोप लगाया था कि नेशनल हाईवे पर उनकी कार के आगे स्कूटी सवार दो युवकों में से एक ने हवाई फायर किए। इसके बाद जब वह पटियाला पहुंचे तो फेसबुक मैसेंजर पर वीडियो कॉल कर उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। उनकी शिकायत पर 8 जुलाई को सिटी थाना-1 में मामला दर्ज किया गया था।
एसपी पवनजीत चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने फेसबुक मैसेंजर से संदेश भेजने वाले व्यक्ति की पहचान दोलिंदर सोनी निवासी हाथरस (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। उसे पूछताछ के लिए खन्ना लाया गया। जांच में सामने आया कि उसके द्वारा 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का कोई प्रमाण नहीं मिला। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर भेजे गए संदेश का आशय फिरौती नहीं था।
जांच में यह भी सामने आया कि दोलिंदर सोनी अपने 70 वर्षीय पिता की आंखों के इलाज के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मांग रहा था। पुलिस के अनुसार उसके संदेश को फिरौती से जोड़ने की पुष्टि जांच में नहीं हुई।
हालांकि हाईवे पर स्कूटी सवार दो युवकों द्वारा हवाई फायर करने की घटना की जांच अभी जारी है। पुलिस उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है।












Leave a Reply